सुजानपुर-हमीरपुर मुख्य सड़क पर डांग क्वाली चौक के पास गुरुवार को एक कार बीच सड़क में अचानक खराब हो जाने से करीब 15 मिनट तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क के बीच वाहन रुकने से तीनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक ने काफी देर तक वाहन को स्टार्ट करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान चौक पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से कार को धक्का देकर सड़क किनारे हटाया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे जाम खुला और यातायात सामान्य हो सका। यातायात प्रभारी संजय राणा ने बताया कि कार खराब होने के कारण सड़क के बीच रुक गई थी, जिससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी। वाहन को हटाने के बाद यातायात सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया।