नीट पेपर लीक मामले और छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार शाम जिला कांग्रेस कमेटी ने हमीरपुर में कैंडल मार्च निकाला। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्राम गृह से शुरू हुआ मार्च गांधी चौक तक पहुंचा, जहां कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा युवाओं और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के युवाओं का भरोसा तोड़ा है और लाखों छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से इस मुद्दे पर छात्रों के साथ खड़ी रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती रही है। उनके अनुसार युवाओं के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि छात्रों के साथ न्याय होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए। कैंडल मार्च में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमन भारती, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, सुजानपुर के विधायक रंजीत सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू सहित कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।