चैत्र मास मेलों पर बाबा बालक नाथ मंदिर को फूलों से सजाने का काम शुरू हो गया है। फगवाड़ा के बलदेव राज पिछले करीब 15 वर्षों से बाबा बालकनाथ के दरबार में फूलों की सेवा कर रहे हैं। फूलों से मंदिर की गुफा, फ्रंट गेट और एग्जिट गेट सहित पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। गेट नंबर-5 से मंदिर तक बैंड-बाजे के साथ स्वागत यात्रा भी निकाली जाएगी। मेले के शुभारंभ पर मंदिर के ट्रस्टी और अन्य विशिष्ट अतिथियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया जाएगा। मंदिर न्यास की ओर से उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौड़, मंदिर न्यास अध्यक्ष एवं एसडीएम बड़सर स्वाति डोगरा और मंदिर अधिकारी केशव कुमार के मार्गदर्शन में मेलों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उपायुक्त हमीरपुर गंधर्वा राठौर की ओर से पारंपरिक झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की जाएगी, जिसके साथ ही चैत्र मेलों का विधिवत शुभारंभ होगा।