हिमाचल बिजली बोर्ड कर्मचारियों, अभियंताओं व पेंशनरों की संयुक्त संघर्ष समिति ने हमीरपुर में महापंचायत का आयोजन किया। कार्यक्रम में हमीरपुर के बिजली बोर्ड कर्मी, पेंशनर, आउटसोर्स कर्मी मौजूद रहे। कमेटी की ओर से हीरालाल सहित अन्य वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की युक्तिकरण व केंद्रीयकरण के नाम पर शुरू की गई पद समाप्ति की मुहिम को एकतरफा करार देते हुए इसे बंद करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अन्य बिजली बोर्ड कर्मियों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की ओर से प्रदेश सरकार को गलत जानकारियां देकर विद्युत बोर्ड लिमिटिड को तहस-नहस करने का काम किया जा रहा है। इसे लेकर प्रदेश भर में सभी कर्मचारियों व पेंशनर्स में भारी आक्रोश है। संयुक्त मोर्चा के सह संयोजक हीरालाल वर्मा ने बताया कि सभी कर्मी इन दिनों सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक वर्क टू रूल के तहत ही काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड में युक्तिकरण के नाम पर पद समाप्त नहीं होने देंगे।