जिला हमीरपुर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के मद्देनजर तीन जगहों पर कॉमर्शियल ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए जगहों का चयन किया गया है। भोटा के नजदीक मोरसू सुल्तानी, नादौन के तहत कोहला तथा एसडीएम ऑफिस नादौन में ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। कॉमर्शियल ई-चार्जिंग स्टेशन लगाने की जिम्मेवारी कंपनियों को सौंपी गई है। कंपनियों के माध्यम से इन्हें स्थापित किया जाएगा। सबसे पहले एसडीएम कार्यालय नादौन में ई-चार्जिंग स्टेशन लगाया जाएगा। माना जा रहा है कि दो अक्तूबर 2025 तक इसे एसडीएम कार्यालय परिसर में स्थापित कर दिया जाएगा। वहीं अन्य दो जगहों पर ही नवंबर के अंत तक कॉमर्शियल ई-चार्जिंग स्टेशन की सुविधा शुरू होने की बात कही जा रही है। वर्तमान में हमीरपुर जिला में काफी लोगों के पास इलेक्ट्रिक व्हीकल हैं। इनमें दो पहिया तथा ई-ऑटो रिक्शा शामिल हैं। ग्रीन हिमाचल को बढ़ावा देने के मद्देनजर इलेक्ट्रिक व्हीकल के इस्तेमाल पर बल दिया जा रहा है। ई-चार्जिंग स्टेशन के स्थापित होने पर लोगों का इलेक्ट्रिल वाहनों की खरीद की तरफ रूझान बढ़ेगा। आरटीओ हमीरपुर अंकुश शर्मा ने कहा कि हमीरपुर जिला में तीन जगहों पर कॉमर्शियल ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए मोरसू सुल्तानी, कोहला तथा एसडीएम कार्यालय नादौन का चयनित किया गया है। संबंधित कंपनियों को ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की जिम्मेवारी सौंपी गई है। एसडीएम कार्यालय नादौन में दो अक्तूबर तक इसे स्थापित कर दिया जाएगा।