हिमाचल प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने हमीरपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान प्रदेश में हो रहे तीनों उपचुनावों में जीत का दावा किया है। धर्माणी ने कहा कि पूरी उम्मीद है कि लोग सत्ता पक्ष के उम्मीदवारों को चुनेंगे और हमीरपुर की बुद्विमत जनता भी सत्ता पक्ष के साथ चलकर मुख्यमंत्री के हाथों को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले साढ़े तीन सालों में लोगों ने अपने क्षेत्र के लिए सरकार का लाभ उठाना है इसलिए लोग सत्ता पक्ष कांग्रेस सरकार के साथ चलेंगे। कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि टिकट के लिए हर कार्यकर्ता मांग करता है, लेकिन टिकट केवल एक ही व्यक्ति को मिलता है। उन्होंने कहा कि देहरा में डॉ. राजेश को भी हाईकमान में पिछली दफा टिकट दिया गया था और उस समय भी डॉ. राजेश के साथ बाकी सभी कार्यकर्ता कांग्रेस के साथ डट गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के द्वारा सशक्त उम्मीदवार मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर को उतारा है और जनता की मांग पर ही हाईकमान ने टिकट देने का फैसला लिया है।