कुछ दिन पूर्व गसोती खड्ड में बने चेक डैम में डटयोटा 14 वर्षीय किशोर कार्तिक की मौत के मामले परिजनों की मांग के बाद पुलिस व फोरेसिंक टीम ने मौके का निरीक्षण मंगलवार को किया। फोरेसिंक लैब मंडी की टीम ने बारिकी से चैकडैम की गहराई और यहां पर डूबने से मौत होने की आशंकाओं को जांचा है। मृतक छात्र के परिजनों ने बीते रविवार को सीएम सुक्खू को मुलाकात कर गंभीरता से मामले की जांच की मांग उठाई थी। परिजनों का तर्क है कि मृतक कार्तिक की मौत पानी में डूब कर नहीं हुई है बल्कि उसकी हत्या की गई है और पुलिस को उसकी जांच करनी चाहिए। सीएम से मुलाकात के बाद एसपी हमीरपुर से सोमवार को छात्र के परिजन मिले थे। एसपी से मुलाकात के एक दिन के बाद ही फोरेसिंक टीम के साथ एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने घटनास्थल पर जाकर जांच की। फोरेसिंक टीम ने चैकडैम की गहराई और इसमे उतरने अथवा गिरने की संभावनाओं को बारिकी से जांचा है। हालांकि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण चैकडैम में डूबना बताया जा रहा है। परिजनों का तर्क है कि उनका बेटा कभी भी इस चैकडैम में नहीं आया था ऐसे में वह यहां पर कैसे पहुंचा इस पहलू की जांच होनी चाहिए। परिजनों के इन सवालों का जवाब का पता लगाने और संतोषजनक जांच के लिए पुलिस प्रयास कर रही है। इस कड़ी में फोरेसिंक जांच की गई है ताकि तमाम सवालों का जवाब मिल सके। एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने कहा कि फोरेसिंक टीम ने मौके पर जाकर जांच की है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।