राजधानी शिमला में मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय के समीप डंगा गिरने से सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई। मलबा सड़क पर आने के कारण वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने के कारण लिफ्ट से पुराने बस अड्डे और पुराने बस अड्डे से लिफ्ट तक आने-जाने वाले लोगों को पैदल सफर करना पड़ रहा है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, स्कूली विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डंगा गिरने के चलते लोकल बस सेवा भी प्रभावित हुई। शहर के भीतर चलने वाली बसें पुराने बस अड्डे तक पहुंचने के बजाय वहीं से वापस लौट रही हैं। इससे यात्रियों को बीच रास्ते में उतरकर पैदल अपने गंतव्य तक जाना पड़ रहा है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने और सड़क को जल्द बहाल करने के प्रयास में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है।