चंबा के करियां राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में अमर उजाला फाउंडेशन की पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम के दौरान एएसपी शिवानी मैहला ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। बताया कि आजकल नशा बेचने वाले युवाओं को नशा जैसे चिट्टा, स्मैक, चरस की लत लगाने के लिए शुरू में निशुल्क डोज देते हैं। इसके बाद युवा इसके चुंगल में फंस जाने पर उनकी जिंदगी बरबाद कर देते हैं। नशे की लत को पूरा करने को फिर युवा घर का सामान, आभूषण, बर्तन तक बेच देते हैं। घरेलू हिंसा की ये भी एक वजह रहती है। लिहाजा, युवाओं, बेटियां अपने परिवार को बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बेटियों को गुड टच, बैड टच, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, सोशल मीडिया से ठगी को लेकर भी जागरुक किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा शर्मा ने विद्यार्थियों को एएसपी चंबा द्वारा दी गई महत्वपूर्ण जानकारी को ग्रहण करने की बात कहते हुए लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए प्रयासरत रहने की बात कही। इस मौके पर अध्याक वर्ग में शरण दास समेत अन्य मौजूद रहे।