भारतीय जनता पार्टी के पास एक ऐसी मशीन है, जिसमें सारे दाग धुल जाते हैं। केंद्र की सरकार को घेरते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने यह बात कही। उन्होंने एअर इंडिया विमानों की खरीद घोटाले के मामले में घिरे राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल के खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा बंद करने के सीबीआई के फैसले को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कहा कि भाजपा जिन नेताओं पर करोड़ों के घोटाले का आरोप लगाती है। उन्हें भाजपा-एनडीए गठबंधन में शामिल कराकर मुकदमे वापस ले लेती है। उन्होंने कहा कि चुनावी बांड के जरिये भाजपा ने करोड़ों रुपये जुटाए हैं। वहीं, कांग्रेस का चंदा प्राप्त करने वाला बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने यह उजागर कर दिया है कि कैसे भाजपा ने चुनावी बांड के जरिये पैसा बनाया है। आशा कुमारी ने कहा कि संसदीय टिकट के लिए मैंने कभी दावेदारी नहीं की। अगर हाईकमान टिकट देगा तो अवश्य चुनाव लडूंगी। लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस डलहौजी की ओर से लचोड़ी में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला कार्यकारी अध्यक्ष कमल ठाकुर, प्रदेश सचिव धर्म सिंह पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार तथा अन्य कार्यकारिणी अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।