चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर साढ़े तीन घंटे बाद यातायात व्यवस्था सुचारू होने से वाहन चालकों, राहगीरों ने राहत की सांस ली। शनिवार दोपहर करीब 1:00 बजे रखालू मंदिर के समीप हुए भूस्खलन से सड़क पूरी तरह बंद हो गई। पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मार्ग बंद होने से चंबा से तीसा और तीसा से चंबा जाने वाली बसों सहित छोटे वाहन भी फंस गए और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोक निर्माण विभाग की टीम मशीनरी और मजदूर मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सायं साढ़े चार बजे मार्ग यातायात को लिए बहाल करवाया जा सका। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि मार्ग यातायात को लिए बहाल करवा दिया गया है।