आषाढ़ नाग मेले के समापन के कई दिन बाद भी बनीखेत के पधर मैदान में सफाई व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। मैदान में जगह-जगह कूड़ा-कचरा, प्लास्टिक और अन्य खराब सामग्री के ढेर पड़े हैं, जिससे क्षेत्र में गंदगी और बदबू फैल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय पर सफाई न होने से मक्खी-मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं पैदा हो रही हैं। पधर मैदान के सामने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजकीय महाविद्यालय, डीएवी कॉलेज और प्राचीन नाग मंदिर स्थित हैं। इन संस्थानों और धार्मिक स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना रहता है। ऐसे में मैदान में फैली गंदगी लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मेले के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही से मैदान में कई स्थानों पर कीचड़ जमा हो गया है। इससे बच्चों के खेलने के लिए इस्तेमाल होने वाला मैदान भी खराब स्थिति में पहुंच गया है और नियमित गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। संजीव कुमार, संदीप कुमार, सुरजीत सिंह, सुभाष कुमार, अतुल कुमार, गुर बहादुर, अनिल कुमार और पवन कुमार सहित स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द सफाई अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि मैदान से कूड़ा हटाकर इसे दोबारा स्वच्छ और बच्चों के खेलने योग्य बनाया जाए।