मूसलाधार बारिश के बाद बनीखेत के पधर बाजार और मुख्य बाजार में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालात का जायजा लेने के लिए तहसीलदार डलहौजी रमेश चौहान मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर बारिश से हुए नुकसान और सामने आई समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करने और जलभराव के कारणों का विस्तृत आकलन करने के निर्देश दिए। रमेश चौहान ने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बारिश से हुए नुकसान का नियमानुसार आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।