बिलासपुर महाविद्यालय में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के समापन अवसर पर उपस्थित एनएसएस स्वयंसेव
-बिलासपुर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई शिविर का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय शिविर विभिन्न गतिविधियों के साथ संपन्न हो गया। समापन समारोह में डॉ. पीएस कटवाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
इस दौरान स्वयंसेवियों ने एनएसएस गीत, नाटी, हरियाणवी डांस, बिलासपुरी गिद्दा, पंजाबी डांस सहित अन्य प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में जसवीर की मिमिक्री ने सभी को हंसा कर लोटपोट कर दिया। उसके बाद कार्यक्रम अधिकारी ने सात दिवसीय विशेष शिविर की रिपोर्ट मुख्यातिथि के समक्ष प्रस्तुत की। मुख्यातिथि ने स्वयंसेवियों के शिविर में किए गए कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने स्वयंसेवियों को मनसा, वाचा और सत्य को अपने जीवन में अपनाने की सीख दी। उन्होंने स्वयंसेवियों को वैश्विक स्तर पर चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोग, सद्भावना, प्रेम, दूसरों के प्रति सम्मान के भाव को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विज्ञान, तकनीकी, जलवायु परिवर्तन, शिक्षा में गुणवत्ता की आवश्यकता और मानवीय मूल्यों के निरंतर ह्रास पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केवल स्वयंसेवी ही इन विषयों की गंभीरता को समझते हुए समाज निर्माण में कार्य कर सकते हैं। एक स्वयंसेवी निस्वार्थ भाव से कार्य करता है और उसके मानवीय मूल्य दूसरों की अपेक्षा अधिक संवेदनशील, विवेकशील होते हैं। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विभागाध्यक्ष केमिस्ट्री प्रो. रणजीत कौशल, एनएसएस सलाहकार समिति समन्वयक डॉ. रवि प्रकाश, कार्यक्रम अधिकारी प्रो. अनुप्रिया, प्रो. सोनिका सोंबल, प्रो. सोनिका शर्मा आदि उपस्थित रहे।