-पंचायत तक पहुंचने के लिए करना पड़ता है 15 किलोमीटर का सफर
-बरसात में सरयाली खड्ड, बड़ी पहाड़ी बनती है पैदल वालों के लिए समस्या
-ग्रामीणों ने उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घराण के ग्रामीणों ने नई पंचायत गठन की मांग को लेकर आवाज उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मौजूदा पंचायत घर तक पहुंचने के लिए करीब 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है, जो उनके लिए काफी कठिनाई भरी है। सोमवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक को ज्ञापन सौंपकर यह मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि उनकी पंचायत में सात वार्ड हैं, जिनमें से वार्ड नंबर-4 घुमारपुर, वार्ड नंबर-5 खमेड़कला सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन वार्डों की कुल जनसंख्या 800 से 1000 के करीब है, जबकि लगभग 600 मतदाता इन क्षेत्रों में हैं। पंचायत घर तक पहुंचने के लिए ग्रामीणों को सड़क मार्ग से 15 किलोमीटर तक की यात्रा करनी पड़ती है। ग्रामीणों को सरयाली खड्ड को पार करना पड़ता है, जो बरसात के दौरान बेहद खतरनाक हो जाती है। पंचायत घर तक पहुंचने के लिए उन्हें एक बड़ी पहाड़ी पार करनी होती है, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं के लिए समस्याएं और बढ़ जाती हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में राजकुमार, संतोष कुमारी, कांता देवी, निर्मला देवी, रामकली, अनीता देवी, अजय कुमार, होशियार सिंह, सुरेंद्र सिंह, धर्म सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने उपायुक्त से अपील की कि इन समस्याओं को ध्यान में रखते हुए इन दो वार्डों के लिए एक नई पंचायत का गठन किया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि नई पंचायत बनने से न केवल उनकी दूरी और समय की समस्या का समाधान होगा, बल्कि प्रशासनिक कार्यों को भी तेजी से निपटाया जा सकेगा। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन इस दिशा में जल्द कदम उठाएगा। कहा कि नई पंचायत के गठन से स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी। उन्हें अपने कामों के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और उनकी अन्य समस्याएं भी कम होंगी। प्रशासन से अपील है कि इस मांग पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कदम उठाए जाएं।