शिमला-मटौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाग खुर्द के पास दो मल्टी एक्सेल ट्रकों की टक्कर के बाद हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हादसे के बाद पिछले डेढ़ से दो घंटे से जाम लगा हुआ है और अभी तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है। हादसे के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। कई बसें जाम में फंसी हुई हैं, जिससे उनके रूट लेट हो रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बसों में बैठे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को लंबे समय तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मल्टी एक्सेल ट्रक आपस में टकराए हैं। टक्कर में दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। छोटी गाड़ियां भी जोखिम उठाकर किसी तरह निकल पा रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार घटनास्थल के पास ही नम्होल पुलिस चौकी है, लेकिन सूचना के बावजूद अभी तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है। लोगों ने जल्द से जल्द मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल करवाने की मांग की है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। वहीं एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामला ध्यान में आ गया है, स्थानीय चौकी के पुलिस जवानों को मौके पर भेजा जा रहा है। ताकि लोगों को और लंबे जाम का सामना न करना पड़े।