वर्ष 2022 बैच के हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) अधिकारी अभिषेक बरवाल ने बुधवार को घुमारवीं के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य प्रशासन को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील और जनहितकारी बनाना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और प्रभावी जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अभिषेक बरवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार और निर्धारित समय के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंच सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेगा और सुशासन को मजबूत बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।