विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नयना देवी मंदिर में रविवार को खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश, ठंडी हवाओं और घने कोहरे के बीच भी 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। रविवार की छुट्टी होने के कारण पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। लगातार बारिश के बावजूद भक्तों के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। पूरे दिन मंदिर परिसर 'जय माता दी' के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखा। कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए गए, जिससे भीड़ के बावजूद व्यवस्था सामान्य रही। बारिश और कोहरे के कारण आसपास की पहाड़ियां धुंध की चादर में लिपटी नजर आईं। कई श्रद्धालुओं ने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए धार्मिक यात्रा को यादगार अनुभव बताया। पंजाब से पहुंचे श्रद्धालु राजू ने बताया कि सुबह से मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। रुक-रुक कर बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और लगातार लोग माता के दर्शन के लिए पहुंचते रहे।