विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयना देवी में गुरुवार सुबह से मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी रहा। तेज बारिश के चलते मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी और बड़ी संख्या में लोग माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचते रहे। श्रावण मास के चलते इन दिनों शक्तिपीठ में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुबह से रुक-रुक कर हो रही तेज बारिश के कारण मंदिर मार्ग और बाजार क्षेत्र के कई हिस्सों में पानी भर गया। बारिश से बचने के लिए श्रद्धालुओं ने दुकानों और शेड में शरण ली तथा मौसम साफ होने का इंतजार किया। कई श्रद्धालु दर्शन करने के बाद भी बारिश कम होने तक मंदिर परिसर और बाजार में ही रुके रहे। लगातार बारिश का असर स्थानीय कारोबार पर भी पड़ा। श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित होने से बाजार में सामान्य दिनों की तुलना में कम रौनक रही। हालांकि मंदिर प्रशासन की ओर से दर्शन व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित होती रही और श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। उत्तर प्रदेश से परिवार सहित माता श्री नयना देवी के दर्शन के लिए पहुंचे दिनेश पाठक ने बताया कि मंदिर पहुंचने के कुछ समय बाद ही तेज बारिश शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि परिवार के साथ दर्शन तो कर लिए, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण वापस लौटने में दिक्कत हो रही है। मौसम साफ होने के बाद ही सुरक्षित यात्रा शुरू करेंगे।