हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती-2026 में ऊपरी आयु सीमा में एक वर्ष की विशेष छूट देने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने बुधवार को उपायुक्त बिलासपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले वर्ष सरकार ने विशेष आयु छूट देकर बड़ी संख्या में युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया था, इसलिए इस वर्ष भी वही व्यवस्था लागू की जानी चाहिए। ज्ञापन में अभ्यर्थियों ने बताया कि कई युवा लंबे समय से पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने शारीरिक दक्षता और लिखित परीक्षा की तैयारी में वर्षों का समय और मेहनत लगाई है, लेकिन इस बार ऊपरी आयु सीमा पार होने के कारण अनेक अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित हो रहे हैं। अभ्यर्थियों ने कहा कि उनकी मांग किसी विशेष रियायत की नहीं है, बल्कि केवल भर्ती परीक्षा में शामिल होने का एक अतिरिक्त अवसर देने की है। उनका कहना है कि चयन पूरी तरह योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर किया जाए, लेकिन आयु सीमा के कारण योग्य उम्मीदवारों को अवसर से वंचित न रखा जाए। मुख्यमंत्री से की गई अपील में अभ्यर्थियों ने कहा कि यदि इस वर्ष भी एक वर्ष की विशेष आयु छूट दी जाती है तो हजारों युवाओं को अपनी क्षमता साबित करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं का सरकार के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा और अनेक परिवारों को राहत मिलेगी। अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि सरकार उनकी मांग पर सकारात्मक और सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।