स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सोमवार से कॉलेज परिसर में पीजी दाखिले के लिए काउंसलिंग का आयोजन किया गया। काउंसलिंग के पहले दिन बड़ी संख्या में अभ्यर्थी अपने अभिभावकों के साथ कॉलेज पहुंचे। प्रवेश प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों के मूल प्रमाणपत्रों और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कॉलेज प्रशासन ने प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए हैं। कॉलेज में इस वर्ष एमए, एमकॉम और एमएससी के विभिन्न विषयों में प्रवेश के लिए कुल 206 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। काउंसलिंग प्रक्रिया मंगलवार तक जारी रहेगी। कॉलेज प्रशासन के अनुसार काउंसलिंग पूरी होने के बाद 22 जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को 23 और 24 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से फीस जमा करनी होगी। कॉलेज परिसर में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला। प्रशासन की ओर से पूरी व्यवस्था शांतिपूर्ण और सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।