विद्युत बोर्ड की सब डिवीजन स्वारघाट के तहत गांव फेतली कांगुआला में ट्रांसफार्मर के बार-बार खराब होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लोगों की दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कुछ दिन पहले यहां नया ट्रांसफार्मर लगाया गया था, लेकिन लगते ही वह खराब हो गया। इसके बाद पुराना ट्रांसफार्मर लगाया गया, जो दो दिन पहले फिर खराब हो गया। इससे फेतली, कांगुआला और कबीर बस्तियों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय लोगों में रणधीर सिंह, जसवीर सिंह, बबलू, रिंकू, श्याम, जसविंदर सिंह, प्रेमलाल, जोगिंदर सिंह, दीपू, पुष्पेंद्र, शेर सिंह और तरसेम लाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर के बार-बार खराब होने से पेयजल आपूर्ति, टोका मशीन और पशुओं की देखभाल पर असर पड़ रहा है। सुबह के समय लोगों को अधिक समस्या का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में उच्च क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।