फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: धूणी मंदिर-बैहना ब्राह्मणा-बाला सड़क पर जलभराव, गड्ढों से बढ़ा हादसों का खतरा

झंडूता उपमंडल के अंतर्गत धूणी मंदिर से बैहना ब्राह्मणा होते हुए बाला को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे वाहन चालकों के लिए सफर जोखिम भरा बन गया है। जलभराव के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, सरकारी कार्यालयों और बाजार तक पहुंचने के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। लेकिन सड़क की उखड़ी हुई सतह और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। सड़क पर पानी भरने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे वाहन चालक अनजाने में उनमें उतर जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को होती है, जहां छोटी सी चूक भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। ग्रामीण सुभाष मन्हास, विनोद, अंकित, अमन, जीवन और नम्रता ने बताया कि सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। कई बार लोक निर्माण विभाग को इसकी जानकारी भी दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए सड़क से नीचे उतरना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क की जल्द मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें