झंडूता उपमंडल के कोटधार क्षेत्र में स्थित मरोतन से एम्स बिलासपुर तक नई एचआरटीसी बस सेवा की शुरुआत हो गई है। कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने मरोतन से इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस सेवा से कोटधार और आसपास के क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। खासकर उन मरीजों और उनके परिजनों को जो एम्स बिलासपुर में इलाज के लिए नियमित रूप से जाते हैं। बस सेवा बाघछाल होते हुए एम्स पहुंचेगी, जिससे यात्रा आसान और सुगम हो जाएगी। इस मौके पर विवेक कुमार ने कहा कि बहुत ही खुशी की बात है कि मरोतन से एम्स बिलासपुर के लिए एचआरटीसी की बस रवाना हो रही है। उन्होंने सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भी आभार जताया। कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से यह बस सुविधा शुरू हो पाई है। इस नई बस सेवा की शुरुआत से ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी और लोगों को लंबी दूरी तय करने या निजी वाहनों पर निर्भर रहने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा।