डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर में आयोजित 1 हिमाचल प्रदेश नौसैनिक एनसीसी इकाई के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (एटीसी-235) के तीसरे दिन करीब 250 कैडेटों ने उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लिया। दिन की शुरुआत शारीरिक प्रशिक्षण, योगाभ्यास और परेड से हुई। इसके बाद कैडेटों को नौसैनिक परिचय, संचार कौशल, नौवहन, बाधा प्रशिक्षण, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक विकास जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान अखिल भारतीय नौसैनिक शिविर-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट कैप्टन मोनिका, गुंजन, अनीकेत, दीक्षित धीमान, राहुल और पीओ कैडेट प्रसूज्य लाहोन को सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता के आधार पर 25 कैडेटों को नई रैंक प्रदान की गई। इनमें एक वरिष्ठ कैडेट कैप्टन, सात कैडेट कैप्टन और 17 पीओ कैडेट शामिल हैं। शिविर का मुख्य आकर्षण पूर्व सैनिकों के साथ आयोजित प्रेरणादायक संवाद रहा। कार्यक्रम में 23 पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए कैडेटों को अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रसेवा और समर्पण की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ईसीएचएस बिलासपुर के प्रभारी अधिकारी कर्नल आर चंदेल और ईसीएचएस घुमारवीं के प्रभारी अधिकारी कर्नल ठाकुर सहित अन्य पूर्व सैनिकों ने भी कैडेटों का मार्गदर्शन किया।