झंडूता में तीन दिवसीय जिला स्तरीय बैसाखी नलवाड़ मेले का शुभारंभ ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक शोभायात्रा के साथ बुधवार को हुआ। मेले का शुभारंभ प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने किया। उन्होंने शुभारंभ अवसर पर प्राचीन ठाकुरद्वारा नरसिंह मंदिर झंडूता में पूजा-अर्चना की और खूंटा गाड़ा। ठाकुरद्वारा मंदिर से पूजा-अर्चना के बाद शोभा यात्रा शुरू हुई, जो ढोल-नगाड़ों के साथ झंडूता बाजार से होती हुई मेला स्थल तक पहुंची। मेला स्थल पर मुख्यातिथि ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई प्रदर्शनियों का निरीक्षण किया। इसके बाद लोकगीत संस्कृति कार्यक्रम में मां वैष्णों कलामंच बरठीं और महिला जागृति कला मंच कल्लर की महिलाओं ने बिलासपुरी गिद्दा प्रस्तुत किया।