राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के सहयोग से रविवार को उपमंडलीय न्यायालय परिसर घुमारवीं में विशाल विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों और सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। शिविर की मुख्यातिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश और अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर ज्योत्सना सुमंत डढवाल रहीं। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश घुमारवीं डॉ. मोहित बंसल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यातिथि ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि विधिक साक्षरता शिविरों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने निशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत, महिला एवं बाल संरक्षण कानून, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और आपदा पीड़ितों के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों की जानकारी को समय की आवश्यकता बताया और लोगों से विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।