हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के चीफ इंजीनियर विमल नेगी का शव मंगलवार को गाह घोड़ी के पास गोबिंदसागर झील में बरामद हुआ। किन्नौर निवासी नेगी 10 मार्च से लापता थे। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विधानसभा में कहा कि अतिरिक्त मुख्य सचिव(एसीएस) स्तर के अधिकारी विमल नेगी माैत मामले की जांच करेंगे। बुधवार को एम्स बिलासपुर में नेगी के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इस दाैरान कॉरपोरेशन के कर्मचारियों ने एम्स परिसर में प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने हरिकेश मीणा मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन के में किन्नाैर से आए लोग भी शामिल हुए। पोस्टमार्टम के बाद फूलों से सजाई एंबुलेंस में कर्मचारियों ने विमल नेगी की पार्थिव देह को बिलासपुर से विदा किया। इस दाैरान विमल नेगी अमर रहे के नारे लगाए। साथ ही दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। फोरेंसिक टीम भी जांच कर रही है। मौत कैसे हुई है, यह जांच के बाद पता चलेगा।