घुमारवीं में कोकून की सरकारी खरीद प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। खरीद के पहले ही दिन बड़ी संख्या में रेशम कीट पालक अपनी उपज लेकर केंद्र पहुंचे। पहले दिन ए ग्रेड कोकून का अधिकतम भाव 1960 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल है। रेशम विभाग के उपनिदेशक बलदेव चौहान ने खरीद केंद्र का दौरा कर पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। उन्होंने कोकून की ग्रेडिंग, वजन और बोली प्रक्रिया का जायजा लेते हुए अधिकारियों को किसानों की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खरीद केंद्र में कोकून की बोलियां 1150 रुपये प्रति किलोग्राम से शुरू हुईं। व्यापारियों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ने के साथ कीमतें लगातार बढ़ती गईं और ए ग्रेड कोकून का अधिकतम भाव 1960 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। किसानों ने कहा कि बेहतर कीमत मिलने से उनकी मेहनत सफल हुई है। उनका मानना है कि सरकारी खरीद केंद्रों पर पारदर्शी व्यवस्था और अच्छे दाम मिलने से क्षेत्र में रेशम पालन को बढ़ावा मिलेगा और अधिक किसान इस व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।