पुरुषों की वरिष्ठ राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए मंगलवार को बिलासपुर की 12 सदस्यीय टीम का चयन किया गया। यह टीम सुंदरनगर में 3 और 4 मार्च को होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। प्रतियोगिता से पहले टीम का चार दिवसीय अभ्यास शिविर लगेगा। मंगलवार को ट्रायल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला बिलासपुर के कबड्डी मैदान में हुए। ट्रायल में कुल 14 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें नवीन, राकेश, सक्षम, हरीश, पार्थ, विक्रम, अजीतेश, अजय, साहिल, अनुराग और निखिल का चयन टीम में किया गया। प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव कृष्ण लाल ने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए होगा। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 21 से 24 मार्च तक महाराष्ट्र में आयोजित होगी।