जिले में अब तक 880.2 एमएम बरसे बादल
2023 में अभी तक हो चुकी थी 1867.9 एमएम वर्षा
साल के अंत में हुई बारिश ने खिलाए किसानों के चेहरे
मंगल ठाकुर
बरठीं (बिलासपुर)। जिले में पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष कम बारिश हुई है। गत वर्ष इस अवधि तक 1867.9 एमएम वर्षा हुई थी जबकि इस वर्ष अभी तक 880.2 एमएम वर्षा ही हुई है। इस वर्ष करीब 987.7 एमएम कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
दिसंबर 2023 की बात करें तो जिले में 5.8 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस दिसंबर में 54.4 एमएम वर्षा रिकॉर्ड दर्ज की गई है। जिले में पिछले 160 दिनों में चार दिन वर्षा हुई है जो गत वर्ष के मुकाबले न के बराबर है। जिले में अब तक 880.2 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। 12 सितंबर तक पिछले वर्ष 1867.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जो पिछले साल की तुलना में इस साल आधी भी नहीं है। यह बारिश जमीन और किसानों के लिए पर्याप्त नहीं है। अब दिसंबर में हुई बारिश से किसान खुश नजर आ रहे है।
मक्की की कटाई के बाद अब तक नाममात्र बारिश हुई थी। इस कारण से किसान कृषि कार्य शुरू नहीं कर पाए थे। अब किसानों के लंबे इंतजार के बाद इंद्रदेव जमकर बरसे। खेतों की स्थिति पिछले वर्ष के विपरीत रही। पिछले वर्ष दिसंबर माह तक खेतों में गेहूं की फसल लहलहा रही थी। इस वर्ष दिसंबर के तीन सप्ताह तक पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेत बंजर नजर आए। साल के अंत में बादलों के जमकर बरसने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।