बिलासपुर के बड़गांव स्कूल में उपस्थित मुख्यातिथि, विद्यार्थी व अन्य । स्रोत : जागरूक पाठक
- साक्षर और शिक्षित होने में बड़ा अंतर , शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान की प्राप्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बड़गांव में विद्यार्थियों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर के संस्कृत विभाग के पूर्व अध्यक्ष डॉक्टर लेख राम शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर लेख राम शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नशा आज की युवा पीढ़ी को नष्ट कर रहा है और यह देश व प्रदेश के लिए बहुत बड़ा खतरा बन चुका है। विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे से बचें, क्योंकि जितना अधिक वे इससे दूर रहेंगे, उनका भविष्य उतना ही उज्जवल होगा। शर्मा ने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि साक्षर और शिक्षित होने में बड़ा अंतर है, और शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान की प्राप्ति के साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी को समझना है। उन्होंने विद्या को सभी प्रकार के धन में सर्वोत्तम बताया और इसके महत्व को भी विद्यार्थियों के बीच स्पष्ट किया।
कार्यक्रम में पंचायत प्रधान बड़गांव निक्कू राम भारद्वाज भी उपस्थित रहे, उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बच्चों को नसीहत दी कि वे सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें, खासकर वाहन चलाते समय। उन्होंने दो पहिया वाहन चलाने वाले बच्चों को हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन चलाने वाले बच्चों को सीट बेल्ट पहनने की सलाह दी। इसके अलावा, सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए पंचायत प्रधान ने बच्चों को सड़क सुरक्षा से संबंधित पुस्तक भी बांटी।