यमुनानगर-जगाधरी रेलवे स्टेशन के समीप यमुनानगर पुल के पास शुक्रवार देर रात एक महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। जीआरपी के जांच अधिकारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि देर रात एक मालगाड़ी के चालक ने सूचना दी कि ट्रेन की हेडलाइट की रोशनी में एक युवक और एक महिला रेलवे लाइन पार करते हुए दिखाई दिए। चालक के अनुसार युवक तो रेलवे ट्रैक पार करने में सफल हो गया, लेकिन महिला ट्रेन की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर के पोस्टमार्टम हाउस में भिजवाया। पुलिस ने महिला की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। एसआई कुलदीप सिंह के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके हाथ पर "रंजू" नाम का टैटू और मछली के कांटे का टैटू बना हुआ है। महिला ने कॉफी रंग का सूट और सलवार पहन रखी थी तथा उसके बाल रंगे हुए हैं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार महिला उत्तर प्रदेश या बिहार की रहने वाली हो सकती है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जीआरपी ने आसपास के थाना क्षेत्रों सहित अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना भेजी है। साथ ही आमजन से अपील की है कि यदि किसी महिला के लापता होने की जानकारी हो या उक्त हुलिये के आधार पर उसकी पहचान हो सके तो तत्काल जीआरपी थाना यमुनानगर-जगाधरी से संपर्क करें, ताकि शव की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जा सके।