यमुनानगर की एक 25 वर्षीय नर्स ने ससुराल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पांच माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल वालों की तरफ से पैसों के लिए परेशान किया जा रहा था। ऐसे में उसकी या तो हत्या की गई है या फिर उसे आत्महत्या करने पर मजबूर किया गया है। मामले की सूचना मिलती ही व्यासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करवाई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय मनजीत कौर निवासी बिजाेली के रूप में हुई है जोकि एक निजी अस्पताल में नर्स थी। मनजीत की मां भंभोली निवासी संतोष ने बताया कि 14 अप्रैल को उसकी बेटी की शादी जलोली के रजत कुमार के साथ हुई थी। रजत प्राइवेट बैंक में काम करता है। मनजीत के पिता टेलर का करते थे और उनकी तबीयत खराब रहती थी, जिसके चलते बेटी की शादी के चार दिन बाद उनकी मौत हो गई। ऐसे में उसके ससुराल वालों ने उनसे फीस मांगी। बीमा पॉलिसी में मिले एक लाख तीन हजार रुपये उन्हें दे दिए गए, जिसके बाद ससुराल वाले बाकी की फीस भी भरने का दबाव बनाने लगे और बेटी को परेशान किया जाने लगा। संतोष का आरोप है कि उसकी बेटी नौकरी नहीं करना चाहती थी, लेकिन आरोपियों ने उससे पैसों के लालच में जबरदस्ती प्राइवेट अस्पताल में नर्स लगवाकर काम करवाया। संतोष ने बताया कि बुधवार की रात करीब आठ बजे उसके पास बेटी की सास का फोन आया था।