केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर आगामी 12 फरवरी को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल को हरियाणा ग्रामीण चौकीदार सभा (पंजीकरण संख्या 450) ने समर्थन देने की घोषणा की है। इस संबंध में संगठन की ओर से जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी पीएम मणि अवित को ज्ञापन सौंपा गया। सभा ने बताया कि 12 फरवरी को हरियाणा के ग्रामीण चौकीदार हड़ताल में शामिल होकर अपनी लंबित मांगों को लेकर हरियाणा सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे। संगठन का कहना है कि ग्रामीण चौकीदार लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। ज्ञापन में प्रमुख मांगों में मजदूर एवं कर्मचारी विरोधी नए श्रम कोड्स को तुरंत प्रभाव से रद्द कर पुराने श्रम कानून बहाल करने की मांग की गई है। इसके साथ ही 31 दिसंबर 2025 को कच्चे कर्मचारियों के संदर्भ में माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के तहत ग्रामीण चौकीदारों को पक्का करने की मांग रखी गई है। सभा ने न्यूनतम वेतन 30,000 रुपये प्रतिमाह लागू करने, ग्रामीण चौकीदारों को ईएसआई के दायरे में शामिल करने तथा हर माह की 7 तारीख तक वेतन का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। इसके अलावा चौकीदार की आकस्मिक मृत्यु होने पर उसके परिवार को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने, किसी भी दुर्घटना की स्थिति में पूर्ण इलाज की व्यवस्था करने और इलाज अवधि के दौरान मानदेय का भुगतान करने की मांग भी शामिल है। अन्य मांगों में गांव में मृत्यु दर्ज करने के लिए चौकीदारों को रजिस्टर उपलब्ध करवाकर उसे अटल सेवा केंद्र से जोड़ना, बढ़ती आबादी के अनुसार नए चौकीदार पद सृजित करना, रिक्त पदों को भरना तथा सेवानिवृत्ति पर 5 लाख रुपये की राशि देने की मांग प्रमुख है। सभा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने इन मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।