शिरोमणि अकाली दल हरियाणा ने श्री गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले हरियाणा के सिख श्रद्धालुओं को रोके जाने के मामले को गंभीर बताते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में प्रशासनिक लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। शिरोमणि अकाली दल हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष हरकेश सिंह मोहर की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन के लिए जाने वाले हरियाणा के कई श्रद्धालुओं को अटारी सीमा पर रोक दिया गया। बताया गया कि सीमा सुरक्षा बल की ओर से हरियाणा के श्रद्धालुओं की सत्यापित सूची संबंधित विभागों द्वारा समय पर उपलब्ध नहीं करवाई गई, जबकि पंजाब और दिल्ली के श्रद्धालुओं की सूची समय पर भेजे जाने के कारण उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति मिल गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि हरियाणा सरकार के संबंधित अधिकारियों की कथित लापरवाही के चलते सैकड़ों श्रद्धालु अपने धार्मिक अधिकारों और आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित रह गए। इससे न केवल श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं, बल्कि पूरे प्रदेश में रोष और निराशा का माहौल भी पैदा हुआ है। शिरोमणि अकाली दल ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच करवाई जाए, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाए तथा प्रभावित श्रद्धालुओं से सरकार सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त करे। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेह व्यवस्था बनाने और सिख समाज के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उनकी भावनाओं का सम्मान सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई गई है। दल ने उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार इस संवेदनशील मामले में शीघ्र और उचित कदम उठाकर सिख समाज का विश्वास बनाए रखने का कार्य करेगी।