यमुनानगर जिले के जगाधरी स्थित देवी भवन मंदिर में मंगलवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर कंजक पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह 7 बजे से मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों का तांता लग गया। छोटी कन्याओं को देवी दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने कन्याओं को कलावा बांधा, तिलक लगाया और प्रसाद व दक्षिणा भेंट की। नवरात्रि की परंपरा, कंजक पूजन का विशेष महत्व नवरात्रि के दौरान कंजक पूजन (कन्या पूजा) एक महत्वपूर्ण प्रथा है, जिसमें नौ कन्याओं को माता दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है। इसके साथ ही एक बालक को भगवान भैरव के रूप में शामिल किया जाता है। मंगलवार को महा अष्टमी के दिन देवी भवन मंदिर में सुबह से ही छोटी कन्याएं कंजक के रूप में बैठी थीं। भक्तों ने नौ दिन के उपवास के बाद कन्याओं को भोजन कराया, दक्षिणा दी और उनका आशीर्वाद लिया।