हरियाणा की बेटी मनु भाकर के गांव गोरिया में बीते तीन दिन से जश्न का माहौल है। मनु भाकर ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में अपने साथी सरबजोत सिंह के साथ कांस्य पदक जीता। इसके बाद से गांव के लोगों ने एक दूसरे को रंग लगाकर जीत के जश्न में रंगों की होली खेली। मनु के मेडल जीतते ही उनके पैतृक गांव गोरिया में खुशी की लहर दौड़ पड़ी। मनु और सरबजोत के ब्रांज मेडल के लिए हुए मुकाबले को देखने के लिए गांव के यूनिवर्सल स्कूल में बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। मनु के मैच को देखने के लिए बड़ी संख्या में गांव के लोग और बच्चे पहुंचे थे।