सोनीपत। गुम हुए मोबाइल जब उनके मालिकों को वापस मिले तो उनके चेहरों पर मुस्कान दौड़ गई। साइबर सेल सोनीपत की टीम ने करीब आठ लाख रुपये कीमत के 33 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए। लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में सहायक पुलिस आयुक्त साइबर राजदीप मोर ने मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। राजदीप मोर ने कहा कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम और चोरी हुए मोबाइलों की रिपोर्ट केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज की गई थी। साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक कमल सिंह की टीम ने जून माह में इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। कुल 33 मोबाइल की पहचान कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया गया। यह पहल पुलिस और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही। उन्होंने लोगों से अपील की है कि मोबाइल के गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्प डेस्क पर जाकर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट दर्ज करने से मोबाइल ट्रेस करने की प्रक्रिया सरल और तेज हो जाती है।