किसानों के लिए जिला में यूरिया खाद की कमी नहीं रहेगी। सोनीपत स्टेशन परिसर पर शनिवार को 1300 मीट्रिक टन (एमटी) यूरिया खाद की रैक लगी। कृषि अधिकारियों ने कहा कि यूरिया खाद जल्द जिले के खाद विक्रेताओं तक पहुंचाई जाएगी। जिला में किसानों के लिए सब्जियों, पशु चारे, मूंग व धान की फसल को लेकर यूरिया खाद पहुंची है। अधिकारियों ने कहा कि आगामी समय में यूरिया खाद की डिमांड बढ़ सकती है। खरीफ सीजन में जिलाभर के किसान सब्जियों, पशु चारे, मूंग की फसल के अलावा 15 जून से धान की फसल को उगाएंगे। ऐसे में जिलाभर के किसानों के लिए यूरिया खाद मंगवाई जा रही है। किसानों को यूरिया खाद की किल्लत न झेलनी पड़े, इसके लिए विभाग लगातार यूरिया खाद की डिमांड मुख्यालय भेज रहा है। शनिवार को सोनीपत स्टेशन पर 1300 एमटी यूरिया खाद की रैक लगी, ताकि किसानों को अपने घर के आसपास ही खाद उपलब्ध हो सके। कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. पवन शर्मा ने बताया कि जिला में खरीफ सीजन के दौरान विभाग ने 85 हजार हेक्टेयर जमीन पर धान की रोपाई करने का लक्ष्य रखा है। किसान 15 जून के बाद धान रोपाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर देते हैं। इसके बाद अक्तूबर-नवंबर माह में धान की कटाई का कार्य किया जाता है। फिलहाल जिला में यूरिया खाद का भंडारण पर्याप्त है। किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी। किसान आवश्यकता के अनुसार ही खाद की खरीद करें।