हरियाणा में गो माता के नाम पर हो रही ठगी के खिलाफ सोनीपत से अभियान शुरू किया गया है। गोशाला प्रबंधकों ने एकजुट होकर जनता को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है। संत गोपाल दास ने फर्जी चंदा मांगने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, सरकार पर भी कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि गो माता के नाम पर सरकार बनी, लेकिन अब वादों को भुला दिया गया है। उन्होंने यह भी मांग की कि सरकार की ओर से जिन कत्लखानों को अनुमति दी गई है उन्हें तुरंत प्रभाव से बंद किया जाए। ठगी के खिलाफ सोनीपत से शुरू हुए जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य है लोगों को सतर्क करना, ताकि कोई भी व्यक्ति नकली गौशाला, मंदिर या धर्मशाला के नाम पर ठगी का शिकार न बने। इस दौरान संत गोपाल दास ने सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 12 महीने और 24 घंटे अवैध रूप से चंदा मांगने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर इस सामाजिक समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प लिया। तिहाड़ मलिक गोशाला के संस्थापक सदस्य जितेंद्र मलिक ने कहा कि किस प्रकार कुछ लोग घरों में अकेली मौजूद माताओं एवं बहनों को भावनात्मक रूप से प्रभावित कर गोशाला या धार्मिक कार्यों के नाम पर चंदा एकत्रित करते हैं और उस धन का दुरुपयोग करते हैं। 25 मई को गांव भठगांव गोशाला में बड़ी बैठक बुलाई जाएगी, इसमें अनेक निर्णय लिए जाएंगे। आचार्य आजाद ने कहा कि ऐसे लोग दिनभर में हजारों रुपये इकट्ठा कर लेते हैं जो समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सभी से अपील की कि ऐसे फर्जी चंदा मांगने वालों के प्रति जागरूक रहें और उन्हें किसी भी प्रकार का सहयोग न दें।