सोनीपत में पुलिस आयुक्त (सीपी) सतेंद्र गुप्ता ने कहा कि कोई भी देशवासी शहीदों की कुर्बानी को कभी भुला नहीं सकता। देश के जवानों के बलबूते ही हमारे देश की सीमाएं सुरक्षित है और हम चैन की नींद लेते हैं। शहीद को धर्म, जाति या क्षेत्र में नहीं बांटा जा सकता है। सभी को अपने अंदर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना रखनी चाहिए। वह सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित हुए शहीद स्मरण उत्सव दिवस कार्यक्रम के अवसर पर बोल रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन ड्यूटी के दौरान अपने जीवन का बलिदान करने वाले पुलिस बल के शहीदों की याद में किया जाता है। पुलिसकर्मियों ने शहीदों को सम्मान देने के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।