जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हमला कर उनकी हत्या करने के विरोध में आढ़ती, किसान, मजदूर भी उतर आए हैं। रोहतक रोड स्थित नई अनाज मंडी में जिला व्यापार संगठन व आढ़ती एसोसिएशन के सदस्यों, किसानों व मजदूरों ने मिलकर रोष जताया। इसके बाद पाकिस्तान के पुतले का दहन कर मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने मिलकर भारत माता की जय के जयकारे लगाए। व्यापारियों व आढ़तियों ने कहा कि पहलगाम में निर्दोष पर्यटकों की धर्म पूछकर हत्या करना निंदनीय का कायरतापूर्ण है। आज देश के हर नागरिक में घटना को लेकर रोष है। सभी को पूर्ण विश्वास है कि एक सप्ताह के अंदर प्रधानमंत्री इसका बदला जरूर लेंगे। आतंकवाद का जड़ से सफाया किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमले ने पूरे देश की आत्मा को झकझोर दिया है। पर्यटकों से धर्म पूछकर हत्या करना दुखद व कायरता है। पीड़ित परिवारों को न्याय मिलना चाहिए। केंद्र सरकार जल्द सख्त कदम उठाए।