पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर वीरवार को दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के शुभारंभ पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बढ़खालसा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि विधायक निखिल मदान ने ब्लॉक पब्लिक हैल्थ यूनिट के भवन का भी शिलान्यास किया। विधायक निखिल मदान ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिला सशक्तीकरण के लिए जो संकल्प लिया था आज उसको पूरा करके दिखाया है। अब हरियाणा की इस योजना की पात्र महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए मासिक सहायता मिलेगी। विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए मातृशक्ति का सबसे बड़ा योगदान रहेगा। उन्होंने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना से न केवल महिलाएं आर्थिक तौर पर मजबूत बनेंगी बल्कि वे हर स्तर पर आगे बढ़ेंगी। इस मौके पर स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के तहत निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जिसमें नागरिकों ने दिनभर अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई। विधायक ने एक पेड़ मां के नाम पौधरोपण किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष वेदपाल शास्त्री, जिला राजस्व अधिकारी सुशील शर्मा, नायब तहसीलदार अभिनव, पंचायत एवं विकास विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलबीर, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनविता कौशिक भी मौजूद रहीं।