भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि द्वेषपूर्ण राजनीति को बल देने और चुनावों में मिल रही हार से हताश कांग्रेस के नेताओं ने लोकतंत्र के मंदिर को भी नहीं छोड़ा और अपनी साजिश का केंद्र बना दिया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अहिंसा का नारा दिया था और कांग्रेस ने अहिंसा का संकल्प लिया था। उस संकल्प को ठुकरा कांग्रेस ने हिंसा करके सांसदों को चोट पहुंचाई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सोमवार को सेक्टर-15 स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में राष्ट्रीय किसान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। पत्रकारों से बात करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती करने के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार की ओर से प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अनुदान राशि दी जा रही है। सरकार के प्रयास के चलते किसानों में प्राकृतिक खेती के प्रति जागृति आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है। प्रदेश सरकार ने 24 फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद करने की गारंटी दी है। मंडियों में फसलों की खरीद करने के बाद किसानों के खाते में राशि भेजी जा रही है। देश का किसान अन्न पैदा कर रहा है। उसकी चिंता भारतीय जनता पार्टी को है। प्राकृतिक आपदा में फसल खराब होने पर किसानों को पूरा मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले निकाय चुनावों में भाजपा की जीत होगी।