डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि वीबी जीरामजी बिल श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए है। कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है और वह देश की जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। कांग्रेस हर जनहितकारी योजना का केवल विरोध करती है, जबकि भारतीय जनता पार्टी विकास और सम्मान की राजनीति में विश्वास रखती है। वह गांव हुल्लाहेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। जनसंपर्क के दौरान भारतीय जनता पार्टी की आगामी जीत के विश्वास के साथ ग्रामीणों को गोहाना की प्रसिद्ध जलेबी भी खिलाई गई। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि जीरामजी बिल का विरोध किसी भी मजदूर संगठन ने नहीं किया है। यह बिल मजदूरों को 125 दिन के काम की गारंटी देता है और प्रदेश सरकार इसके तहत मजदूरों को 400 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी देगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश सरकार पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी अधिक मजदूरी दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर बढ़ रहा है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं को जवाब देते हुए डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पुलिस प्रशासन अपराध पर पूरी तरह लगाम लगाने में सक्षम है। हाल के दिनों में छोटे-मोटे अपराधियों से लेकर बड़े अपराधियों तक को जेल भेजा गया है और अपराधियों पर सख्ती साफ दिखाई दे रही है। बेरोजगारी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाता है। प्रदेश में स्टार्टअप, एमएसएमई और अन्य रोजगार माध्यमों से युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। बिना पर्ची-बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार मिल रहा है और अब तक भाजपा सरकार 12 लाख युवाओं को नौकरी दे चुकी है। लाडो लक्ष्मी योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं को भी धरातल पर उतारा जा रहा है। डॉ. अरविंद शर्मा ने विश्वास जताया कि आने वाले बीएमसी चुनाव में भाजपा की जीत तय है। इसी खुशी के माहौल में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच गोहाना की जलेबी बांटकर जश्न मनाया गया।