गोहाना। देश की पहली हाइड्रोजन रेल शुक्रवार को गोहाना रेलवे स्टेशन पहुंची तो पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। रेलवे स्टेशन पर लोगों ने ट्रेन का स्वागत किया और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। जींद से इस विशेष ट्रेन में सफर कर रहे विद्यार्थी गोहाना स्टेशन पर उतरे। वहीं गोहाना से भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां के पॉलिटेक्निक संस्थान की छात्राएं ट्रेन में सवार हुईं। पहली बार हाइड्रोजन रेल में सफर करने का अवसर मिलने पर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इसे यादगार अनुभव बताया और देश की आधुनिक रेल तकनीक पर गर्व जताया। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने भी ट्रेन को देखने और तस्वीरें लेने में काफी रुचि दिखाई। हाइड्रोजन ऊर्जा से चलने वाली इस ट्रेन के गोहाना पहुंचने को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। पूरे कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों और प्रशासन ने व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी। संवाद न्यूज एजेंसी, गोहाना