विश्व विजेता का खिताब जीतकर लौटे बॉडी बिल्डर राजू खासा का गोहाना रोड स्थित सुभाष स्टेडियम में भव्य स्वागत किया गया। राजू ने मालदीव में आयोजित 15वीं विश्व बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक जीता। स्वदेश लौटने के बाद गन्नौर के गांव आहुलाना निवासी राजू खासा काे जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार ने सुभाष स्टेडियम में आयोजित समारोह में सम्मानित किया। राजू खासा ने बताया कि 15वीं विश्व बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप 5 से 11 नवंबर तक मालदीव में आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में विभिन्न 71 देशों के बॉडी बिल्डरों ने प्रतिभागिता की थी। जिसमें राजू खासा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उन्होंने बताया कि विश्व प्रतियोगिता के लिए उनका चयन ट्रायल के माध्यम से हुआ था। यह ट्रायल इसी साल केरल के कोच्चि में आयोजित की गई थी। जिसमें उन्होंने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित करते हुए विश्व चैंपियनशिप को टिकट कटवाया था। राजू खासा के भाई भीम अवार्डी बिजेंद्र ने बताया कि राजू पहले कुश्ती किया करते थे। राजू वर्ष 2016 में भारतीय सेना में नियुक्त हो गए थे। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में राजू ने बॉडी बिल्डिंग शुरू की थी। जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। राजू ने इससे पहले वर्ष 2023 में मिस्टर हरियाणा का खिताब भी जीता था। राजू ने अपनी जीत का श्रेय भाई बिजेंद्र व प्रशिक्षकों को दिया है। साथ ही उनका कहना है कि प्रदेश के गांवों में प्रतिभा की खदान है, सरकार को चाहिए कि वह जमीनी स्तर तक सुविधाएं मुहैया कराएं। जिससे खिलाड़ी खुद को तराशकर विभिन्न खेलों में देश के पदक जीता सके।