नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों की हालत बदतर हो गई है। आय दोगुनी करने का नारा देने वाली भाजपा ने फसल पर लागत को दोगुना कर दिया है। भाजपा सरकार इवेंट मैनेजमेंट में तो माहिर है, लेकिन किसानों की असली परेशानियों से बेखबर है। वह वीरवार शाम को गोहाना अनाज मंडी के दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार 24 फसलों पर एमएसपी देने की बात करती है, लेकिन हरियाणा में 24 फसलें होती ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में किसानों को एमएसपी का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा और खरीद प्रक्रिया में लगातार अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इन दिनों किसान खाद और कीटनाशकों की किल्लत से जूझ रहे हैं। दुकानों पर यूरिया और डीएपी के लिए लंबी कतारें हैं, लेकिन सरकार केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपलब्धता दिखा रही है। हुड्डा ने कहा कि किसानों को राहत देने के बजाय सरकार ने महंगाई और लागत बढ़ाकर उनकी कमर तोड़ दी है।