गढ़ी उजाले खां गांव शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में लगातार नई पहचान बना रहा है। खासकर बॉक्सिंग में गांव के खिलाड़ी जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। गांव में संचालित बॉक्सिंग अकादमी से प्रशिक्षण लेकर कई खिलाड़ी पदक जीत चुके हैं और सेना में भी चयनित हुए हैं। बॉक्सिंग अकादमी के संचालक एवं कोच विकास ने बताया कि गांव में करीब 100 खिलाड़ी विभिन्न खेलों में भाग लेते हैं। इनमें बड़ी संख्या बॉक्सिंग खिलाड़ियों की है। गांव के कई खिलाड़ी नेशनल और इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं तथा पदक भी जीत चुके हैं। गांव के दो खिलाड़ियों ने सब जूनियर वर्ग में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।